दमोह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, उत्कृष्ट कार्यों के लिए नागरिक सम्मानित
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

दमोह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, उत्कृष्ट कार्यों के लिए नागरिक सम्मानित
दमोह, 26 जनवरी 2026।
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। देश की आन-बान-शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा जिले भर में शान से लहराया। मुख्य समारोह का आयोजन स्थानीय स्टेडियम मैदान में किया गया, जहां प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।


मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्री लोधी ने कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अभिनव साहू के साथ सलामी परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने हर्षोल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारों को आकाश में मुक्त किया। साथ ही लोकतंत्र सेनानियों को माला पहनाकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।


राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ी है और आज देश को पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।


मुख्यमंत्री के संदेश में किसानों के कल्याण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश को भविष्य में देश की दुग्ध राजधानी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है तथा पशुपालन को किसानों और पशुपालकों की आय का सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है।


समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक और सामाजिक योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जो जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया गया।
समूचे जिले में गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, उत्साह और गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






