नोहलेश्वर महोत्सव से निखरेगी बुंदेलखण्ड की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक पहचान : धर्मेंद्र सिंह लोधी
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

नोहलेश्वर महोत्सव से निखरेगी बुंदेलखण्ड की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक पहचान : धर्मेंद्र सिंह लोधी
दमोह/नोहटा।
बुंदेलखण्ड की प्राचीन ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से नोहटा स्थित ऐतिहासिक नोहलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 5 से 15 फरवरी तक दस दिवसीय नोहलेश्वर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का संयोजन सत्येंद्र सिंह लोधी द्वारा किया जा रहा है। मंत्री श्री लोधी ने कहा कि नोहलेश्वर महोत्सव के माध्यम से बुंदेलखण्ड की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा मिलेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कलचुरी कालीन स्थापत्य का अनूठा उदाहरण है नोहलेश्वर मंदिर
नोहटा स्थित नोहलेश्वर महादेव मंदिर का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली है। यह मंदिर कलचुरी कालीन स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है। इतिहासकारों के अनुसार मंदिर का निर्माण 10वीं से 11वीं शताब्दी के बीच हुआ था। मंदिर के अलंकृत स्तंभ, विशाल गर्भगृह और कलात्मक नक्काशी आज भी उस युग की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करते हैं।

पुरातत्वविदों के अनुसार नोहलेश्वर मंदिर मध्य भारत के प्रमुख शिव मंदिरों में से एक है, जहां सदियों से भगवान शिव की आराधना होती आ रही है। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
देश-प्रदेश के कलाकार करेंगे प्रस्तुति
महोत्सव के दौरान देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक संध्याएं, धार्मिक आयोजन, कार्यशालाएं, महिला सम्मेलन, किसान गोष्ठी एवं पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






