रंग पंचमी पर दमोह के कई क्षेत्रों में बनी विवाद की स्थिति, समझदारी से टला टकराव
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

रंग पंचमी पर दमोह के कई क्षेत्रों में बनी विवाद की स्थिति, समझदारी से टला टकराव
दमोह। होली महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे रंग पंचमी के पर्व के दौरान शहर के कुछ क्षेत्रों में विवाद की स्थिति बनने की खबरें सामने आईं। हालांकि स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों और समाज के जिम्मेदार लोगों की समझदारी के चलते किसी भी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई और समय रहते माहौल शांत करा दिया गया।

जानकारी के अनुसार ज्वाला माई चौराहा, पुराना थाना, टॉकीज चौराहा, घंटाघर और उमा मिस्त्री की तलैया जैसे क्षेत्रों में रंग लगाने को लेकर कुछ स्थानों पर कहासुनी की स्थिति बनी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक बाजार क्षेत्रों में पहुंचे, जिनके बीच रंग डालने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

मौके पर मौजूद समाज के वरिष्ठ लोगों और जिम्मेदार नागरिकों ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत कराया, जिससे स्थिति आगे नहीं बढ़ी और शहर में शांति बनी रही।
गौरतलब है कि होली और रमजान के एक साथ पड़ने के कारण हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई थी। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि बैठक में शहर के कई प्रभावशाली समाजसेवियों और ऐसे व्यक्तियों को शामिल नहीं किया गया, जिनकी समाज में व्यापक पकड़ मानी जाती है।

कुछ नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि रंग पंचमी जैसे संवेदनशील दिन पर शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दी। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी था।

इधर शहर में ड्राई डे को लेकर भी चर्चा रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि होलिका दहन के दिन ड्राई डे घोषित किया गया, जबकि रंग खेलने वाले दिन शराब की दुकानें खुली रहीं, जिसके कारण कुछ स्थानों पर शराबखोरी भी देखने को मिली।
हालांकि इन सभी परिस्थितियों के बावजूद शहर के वरिष्ठ नागरिकों और समाज के जिम्मेदार लोगों ने संयम और समझदारी का परिचय देते हुए कई जगह संभावित विवादों को शांत कराया।

शहर के नागरिकों का मानना है कि शांति समिति की बैठकों का उद्देश्य ही यही होता है कि विभिन्न समुदायों के बीच संवाद स्थापित हो और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो। ऐसे में भविष्य में प्रशासन और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से बेहतर समन्वय बनाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और नागरिकों ने सभी से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



