नवरात्रि पर 50 फीट ऊंची धर्म ध्वजा से गूंजा शिवाजी पार्क, राष्ट्रभक्ति और धर्म आस्था का दिखा संगम!
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

नवरात्रि पर 50 फीट ऊंची धर्म ध्वजा से गूंजा शिवाजी पार्क, राष्ट्रभक्ति और धर्म आस्था का दिखा संगम!
राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर फहराई गई भगवा धर्म ध्वजा, भारत माता की जय और जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा क्षेत्र
दमोह। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर धर्म और राष्ट्रभक्ति के अनूठे संगम का दृश्य दमोह के टॉकीज चौराहे पर देखने को मिला। मध्य प्रदेश लघु व्यापारी संघ की ओर से नवरात्रि के द्वितीय दिवस पर 50 फीट ऊंची भगवा धर्म ध्वजा फहराई गई। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

मध्य प्रदेश लघु व्यापारी संघ द्वारा वर्षों से राष्ट्रीय पर्वों और धार्मिक अवसरों पर ध्वज परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। संघ की ओर से प्रत्येक वर्ष 26 जनवरी गणतंत्र दिवस और 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर शिवाजी पार्क टॉकीज चौराहे पर 50 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है। संघ की परंपरा के अनुसार, गणतंत्र दिवस के बाद महाशिवरात्रि के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर भगवा धर्म ध्वजा फहराई जाती है। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धर्म ध्वजा उतारकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।


इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्रता दिवस पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान और गरिमा के साथ उतारा गया। इसके बाद नवरात्रि के द्वितीय दिवस पर विधिवत 50 फीट ऊंची भगवा धर्म ध्वजा फहराई गई। इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक धर्म ध्वजा का स्वागत किया तथा राष्ट्रभक्ति और धर्म आस्था के जयघोष लगाए।
धर्म और राष्ट्र के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश लघु व्यापारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तनुज पाराशर, प्रदेश महामंत्री शैलेंद्र जैन, जिला अध्यक्ष पंकज सोनी, नगर अध्यक्ष कोमल रैकवार सहित अभिषेक चौरसिया, बसंत रैकवार, संदीप अहिरवार, संदीप सोनी तथा संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


इस अवसर पर संघ के सदस्यों ने धर्म ध्वजा फहराकर धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ ही अपनी धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।नवरात्रि के पावन अवसर पर फहराई गई भगवा धर्म ध्वजा ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण निर्मित किया। 50 फीट ऊंचाई पर लहराती धर्म ध्वजा ने जहां आस्था और परंपरा का संदेश दिया, वहीं भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम के उद्घोष ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





