दमोह के प्रमुख चौराहों पर खुलेआम शराबखोरी, पुलिस की कार्रवाई पर उठ रही सवाल
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

दमोह के प्रमुख चौराहों पर खुलेआम शराबखोरी, पुलिस की कार्रवाई पर उठ रही सवाल
शराबियों के आतंक से परेशान शहरवासी, महिलाओं को भी होती है शर्मिंदगी — क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही पुलिस?
दमोह। शहर में खुलेआम शराबखोरी और शराब के नशे में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के कारण आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक शाम ढलते ही शराब के नशे में लोग गाली-गलौज और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी करने वालों पर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है?

शहर के एसपी कार्यालय क्षेत्र, सिटी कोतवाली के आसपास, जटाशंकर चौराहा, टॉकीज चौराहा और स्टेशन चौराहा सहित कई स्थानों पर शराब के नशे में लोगों के पड़े रहने और हंगामा करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई बार शराबी सड़क किनारे बेसुध अवस्था में पड़े दिखाई देते हैं, तो कहीं सार्वजनिक स्थान पर बैठकर शराब पीने के बाद गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते नजर आते हैं।
सबसे गंभीर स्थिति उन स्थानों पर बनती है जहां से महिलाओं, बच्चों और परिवारों का लगातार आवागमन होता है। लोगों का कहना है कि सड़क और सार्वजनिक स्थान किसी की निजी शराबखोरी की जगह नहीं हो सकते। इसके बावजूद खुलेआम शराब पीने वालों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।


तहसील ग्राउंड में कार्रवाई के बाद फिर वही हाल
कुछ समय पहले दमोह एसपी के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने सिटी कोतवाली के सामने स्थित तहसील ग्राउंड में शराबखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस समय सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते कुछ लोगों को पकड़ा गया था। कार्रवाई के बाद पुलिस की ओर से इसे प्रभावी अभियान के रूप में सामने रखा गया, लेकिन सवाल यह है कि इसके बाद क्या लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रही?
शहरवासियों का कहना है कि यदि कार्रवाई के बाद पुलिस लगातार ऐसे स्थानों पर नजर रखती तो सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।

स्टेशन चौराहे पर घंटों चलता रहा शराबी का ड्रामा
हाल ही में स्टेशन चौराहे पर एक शराबी के घंटों हंगामा करने और सड़क पर लेट जाने का मामला भी सामने आया। इस दौरान वहां से महिलाएं और आम नागरिक गुजरते रहे और तमाशा देखते रहे। बताया जाता है कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई।ऐसी घटनाएं पुलिस की तत्काल रिस्पॉन्स व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी पर सवाल खड़े करती हैं। यदि किसी व्यस्त चौराहे पर नशे में धुत व्यक्ति घंटों हंगामा करता रहे और पुलिस समय पर मौके पर न पहुंचे तो आम नागरिक सुरक्षा की उम्मीद किससे करें?

टॉकीज चौराहा और सब्जी बाजार क्षेत्र में भी शराबखोरी की शिकायत
टॉकीज चौराहे के समीप सब्जी बाजार क्षेत्र में शाम होते ही शराब पीने वालों के जमावड़े की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं बहराम टॉकीज के सामने भी सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी के साथ गांजा सेवन करने वालों के दिखाई देने की बात कही जा रही है।यदि ये शिकायतें सही हैं तो यह केवल शराबखोरी का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। पुलिस को ऐसे स्थानों पर नियमित गश्त और अचानक चेकिंग अभियान चलाकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
अवैध और नकली शराब की चर्चा, जांच की जरूरत
शहर में सस्ती शराब और कथित रूप से नकली शराब की बिक्री तथा अवैध शराब की तस्करी को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है, लेकिन यदि अवैध शराब का कारोबार चल रहा है तो पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी तह तक पहुंचना चाहिए।सवाल यह भी है कि यदि शहर में अवैध शराब की उपलब्धता है तो शराबियों के हाथ तक यह शराब पहुंच कैसे रही है? क्या पुलिस और आबकारी विभाग के पास इसकी कोई निगरानी व्यवस्था है?
अब पुलिस से कार्रवाई नहीं, परिणाम की उम्मीद
शहरवासियों का कहना है कि केवल एक-दो दिन कार्रवाई कर फोटो खिंचवाने से सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी खत्म नहीं होगी। इसके लिए लगातार अभियान, नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील चौराहों पर निगरानी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है।

अब देखना यह है कि दमोह पुलिस इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों को सार्वजनिक शराबखोरी से मुक्त कराने के लिए कोई ठोस अभियान चलाती है या फिर पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार करती रहेगी।आम नागरिकों का सवाल सीधा है—सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों पर कार्रवाई कब होगी?
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





