दमोह में गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर निकली भव्य रैली, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन!
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

दमोह में गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग को लेकर निकली भव्य रैली, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन!
दमोह। गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर देशभर में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार 27 अप्रैल को दमोह में भी विशाल रैली और जनआंदोलन देखने को मिला। करीब 15 दिनों से चल रहे इस अभियान में गौ भक्तों और सनातन धर्म प्रेमियों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर अभियान चलाकर समर्थन जुटाया।

अभियान के समापन दिवस पर हजारों की संख्या में लोग सागर नाका स्थित तहसील कार्यालय पहुंचे। इससे पहले सभी प्रतिभागी पुराने थाना परिसर में एकत्रित हुए और वहां से लगभग 3 किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए भीषण गर्मी के बीच तहसील पहुंचे। रैली में युवाओं के साथ महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

रैली के दौरान रास्ते में धर्मप्रेमी नागरिकों द्वारा जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं राधा रमण मंदिर की भजन मंडली ने भक्ति गीतों और कृष्ण धुनों के साथ माहौल को पूरी तरह धार्मिक बना दिया। भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़े, जिससे पूरे शहर में उत्साह का वातावरण बना रहा।

तहसील पहुंचने पर वैष्णवी निस्वार्थ गौ सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक नेमा ने उपस्थित जनसमूह को गौ संरक्षण और सम्मान की शपथ दिलाई। इसके बाद हिंदू संगठन के विक्रांत गुप्ता द्वारा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन का वाचन किया गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

तहसीलदार रॉबिन जैन को यह ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए टीआई कोतवाली मनीष कुमार, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी सहित यातायात एवं पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
इस आयोजन ने शहर में गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता और आस्था का एक बड़ा संदेश दिया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



