आबकारी नीति पर उठे सवाल: इमलाई शराब दुकान पर नियम उल्लंघन के आरोप, दूसरे ठेके की शिकायत भी चर्चा में
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

आबकारी नीति पर उठे सवाल: इमलाई शराब दुकान पर नियम उल्लंघन के आरोप, दूसरे ठेके की शिकायत भी चर्चा में
दमोह। जिले की इमलाई स्थित शराब दुकान को लेकर आबकारी नीति के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इमलाई शराब दुकान का संचालन निर्धारित नियमों के विपरीत राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) के काफी निकट किया जा रहा है। आरोप है कि जहां आबकारी नियमों के अनुसार दुकान की दूरी निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, वहीं यह दुकान हाईवे से लगभग 50 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है।

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि संबंधित दुकान संचालक द्वारा स्वयं अन्य शराब दुकानों के खिलाफ शिकायतें की जा रही हैं, जबकि उनकी अपनी दुकान पर भी नियमों के उल्लंघन के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि इमलाई शराब दुकान के संचालक अखिलेश असाटी द्वारा हटा नाका स्थित शराब दुकान की शिकायत की गई थी, जिसके बाद उक्त दुकान लगभग 10 से 15 दिनों तक बंद रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी दुकान पर आबकारी नियमों का पालन नहीं हो रहा है तो विभाग को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए सभी मामलों की समान रूप से जांच करनी चाहिए। उनका आरोप है कि इमलाई शराब दुकान के संबंध में लगातार शिकायतें और चर्चाएं होने के बावजूद आबकारी विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि समाचार और शिकायतों के प्रकाश में आने के बाद आबकारी विभाग इमलाई शराब दुकान की स्थिति की जांच कर उसे नियमों के अनुरूप स्थानांतरित करने की कार्रवाई करेगा या फिर कथित रूप से जारी नियम उल्लंघन पर पर्दा पड़ा रहेगा।

समाचार में लगाए गए आरोप स्थानीय सूत्रों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित हैं। मामले में संबंधित आबकारी विभाग एवं दुकान संचालक का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space



