तेज आंधी-तूफान से हॉकर्स जोन में हुए नुकसान को लेकर लघु व्यापारी संघ ने सौंपा सांसद व कलेक्टर को ज्ञापन! आइये जाने क्या कहा सांसद राहुल सिंह ने!
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

तेज आंधी-तूफान से हॉकर्स जोन में हुए नुकसान को लेकर लघु व्यापारी संघ ने सौंपा सांसद व कलेक्टर को ज्ञापन! आइये जाने क्या कहा सांसद राहुल सिंह ने!
दमोह।गत सप्ताह दमोह जिले में आई तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया। इसी कड़ी में जगदीश टॉकीज स्थित हॉकर्स जोन में हुए भारी नुकसान को लेकर आज मध्य प्रदेश लघु व्यापारी संघ के बैनर तले दर्जनों व्यापारी दमोह सांसद राहुल सिंह के निवास पर पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा।

व्यापारियों ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण हॉकर्स जोन में लगाए गए टीन शेड उड़ गए, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा हैं। साथ ही, बारिश के बाद यहां पानी भराव, गंदगी और बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है।

सांसद राहुल सिंह ने ज्ञापन लेने के तुरंत बाद नगर पालिका सीएमओ को फोन कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र ही टीन शेड मरम्मत, सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

इसके बाद व्यापारी जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम भी ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने हॉकर्स जोन की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।

इस मौके पर मप्र लघु व्यापारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तनुज पाराशर ने बताया कि हॉकर्स जोन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं व सब्जी विक्रेता व्यापार करते हैं। लेकिन टीन शेड उड़ जाने और सफाई व बिजली की उचित व्यवस्था न होने के कारण वे अब मजबूरी में सड़कों और अन्य बाजार क्षेत्रों में बैठने को मजबूर हैं। इससे नगर में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन व्यापारियों को सर्वसुविधायुक्त स्थान देने का वादा कर हॉकर्स जोन में स्थानांतरित किया गया था, उन्हें शीघ्र आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि वे सम्मानपूर्वक अपनी रोज़ी-रोटी चला सकें।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष पंकज सोनी, नगर अध्यक्ष मोनू ठाकुर, बड़ी संख्या में महिला विक्रेता व हॉकर्स जोन के व्यापारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space






