तेज रफ्तार और तेज आवाज का टशन पड़ा भारी सायलेंसर-हूटर-हॉर्न पर चला बुलडोजर, 200 से अधिक अवैध उपकरण किए चकनाचूर
1 min read
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|

दमोह। शहर की सड़कों परp तेज रफ्तार, तेज हॉर्न और मॉडिफाइड बुलेट के सायलेंसर से निकलने वाली कानफोड़ू आवाज के जरिए टशन दिखाने वाले युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहनों को मॉडिफाई कराने और सड़क पर तेज आवाज का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब जब्त किए गए अवैध उपकरणों पर बुलडोजर चला दिया गया।

गुरुवार को पुलिस ने शहर में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए करीब 200 सायलेंसर, हूटर और तेज आवाज वाले हॉर्न को वीआईपी मार्ग पर एकत्रित कराया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर इन उपकरणों को नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी शिव प्रसाद कंगाली, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह, निरीक्षक आकांक्षा जोशी सहित यातायात पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

टशन के लिए बाइक मॉडिफाई कराना अब पड़ेगा भारी
शहर में युवाओं के बीच बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में कंपनी से अलग तेज आवाज वाले सायलेंसर और हॉर्न लगवाने का चलन बढ़ता नजर आ रहा था। सड़क पर अचानक तेज आवाज करने वाले ऐसे वाहनों से राहगीरों, बुजुर्गों, बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब साफ संदेश है कि सड़क पर टशन दिखाने के लिए वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन कराने वालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

एसपी बोले—कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि दमोह में पदस्थ होने के बाद से ही यातायात नियमों के पालन को लेकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सायलेंसर, हूटर और तेज आवाज वाले अवैध हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
करीब 200 जब्त उपकरणों को बुलडोजर से नष्ट करने की कार्रवाई को पुलिस की ओर से एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद शहर की सड़कों पर तेज आवाज और मॉडिफाइड बाइक का टशन कितना कम होता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





